पटना शहर के भी कई इलाकों में आरंभ हुई अधिकार यात्रा
पटना 11 फरवरी 2016: 11 से 17 फरवरी तक चलने वाली भाकपा-माले की अधिकार यात्रा आज बेगूसराय से आरंभ हो गयी है। माले महासचिव काॅ. दीपंकर भट्टाचार्य इस यात्रा का नेतृत्व कर रहे हैं। उनके साथ माले नेता धीरेन्द्र झा, मीना तिवारी, रामेश्वर प्रसाद, प्रभात कुमार चैधरी, हिरावल के संयोजक संतोष झा, आइसा के राज्य सचिव शिवप्रकाश रंजन आदि शामिल हैं।
बेगूसराय से आरंभ हुई यात्रा आज खगड़िया होते हुए देर शाम भागलपुर पहुंच गयी है। यात्रा के दौरान कई जगहों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया और पदयात्रायें आयोजित की गयीं। अपने संबोधन में माले महासचिव ने कहा कि आज जब केंद्र व राज्य सरकार जनता के हक-अधिकार को दबाने, अन्याय करने और केवल झूठे प्रचार में लगी है, इस स्थिति में बिहार व देश की वास्तविकता को सामने लाने के लिए, जनता के अधिकार के एजेंडे को बुलंद करने के लिए 19 फरवरी को अधिकार रैली आयोजित कर रहे हैं। आज जब जनता में जबरदस्त आक्रोश है, अन्याय के खिलाफ जनता की आवाज को बुलंद करने का हमने फैसला किया है। हमारी रैली केंद्र व राज्य दोनों के खिलाफ संघर्ष का एजेंडा तय करेगी।
राजधानी पटना में भी आज से अधिकार यात्रा आरंभ हुई है। कंकड़बाग के रामकृष्णानगर, दीघा, पोस्टल पार्क आदि इलाकों में यात्रा निकाली गयी। रामकृष्णानगर में यात्रा का नेतृत्व पार्टी की बिहार राज्य कमिटी सदस्य रणविजय कुमार ने किया। इसमें सैकड़ो निर्माण मजदूरों ने हिस्सा लिया। वहीं, पटना नगर के सचिव अभ्युदय, माले नेता रामखेलावन चौधरी आदि बेउर में बैठक आयोजित की।