PATNA: बिहार की नीतीश सरकार ने सोमवार को विधानमंडल में राज्य का बजट-2021-22 पेश कर दिया। इस बजट में लड़कियों-महिलाओं के लिए सरकार ने कई घोषणाएं की हैं। ऐसी ही एक घोषणा लड़कियों की शिक्षा को लेकर की गई है। बजट पेश करते हुए उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि सरकार इंटर पास करने पर अविवाहित लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए 25 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देगी। इसके साथ ही राज्य सरकार की नौकरियों में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण पहले से दिया जा रहा है।
बिहार की लड़कियों के लिए ऐलान करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में इंटरमीडिएट (12वीं) पास अविवाहित लड़कियों को 25 हजार रुपये और स्नातक पास लड़कियों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण पहले से दे रही है लेकिन अभी भी कई विभागों में महिलाएं आनुपातिक दृष्टि से काफी कम हैं। सरकार इन जगहों पर जल्द से जल्द महिलाओं की नियुक्ति करेगी। उन्होंने कहा कि नौकरियों में महिलाओं की संख्या कम है।