BHAGALPUR: केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को कहा है कि किसान कानून को लेकर विपक्ष लोगों के बीच भ्रम फैला रहा है। किसानों को एमएसपी का लाभ मिल रहा है और आगे भी मिलता रहेगा। मंडिया खत्म नहीं होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह आंदोलन नहीं बल्कि मोदी सरकार को अस्थिर करने की साजिश की रची जा रही है।
किसान सम्मेलन में शामिल होने के लिए भागलपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने पत्रकारों के साथ बाचतीत में कहा कि सरकार किसानों के साथ लगातार वार्ता कर रही है। किसानों के लिए दरवाजा खुला है और खुला रहेगा, लेकिन हठधर्मिता नहीं होनी चाहिए। यह कौन सा आन्दोलन है, जिसमें खालिस्तान के समर्थन में नारे लगाये जा रहे हैं। कनाडा सरकार शामिल है। दूसरे देश के खालिस्तान समर्थक सांसद शामिल हो रहे हैं।
गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि विपक्ष के पास केन्द्र सरकार के खिलाफ कोई मुद्दा नहीं है। राजनीतिक दल किसानों के कंधे पर बन्दुक रखकर चला रहे हैं। इसमें सफलता नहीं मिलेगी। यह कानून किसानों के हित में है। इसके साथ कोई समझौता नहीं होगा। 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुना करने का लक्ष्य है। सरकार के पक्ष को किसानों के बीच रखा जा रहा है। जगह-जगह किसान सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।