पटना डेस्क। आखिरकार वहीं हुआ, जिसके कयास पहले से ही लगाए जा रहे थे। सांसद ललन सिंह को जेडीयू के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान सौंपी गई है। शनिवार को नई दिल्ली में हुई पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्हें विधिवत अध्यक्ष चुना गया। इसके पहले केंद्रीय इस्पात मंत्री आरसीपी सिंह ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया। साथ ही उन्होंने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के रुप में ललन सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा। इसके बाद सर्वसम्मति से ललन सिंह को जेडीयू का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष घोषित किया गया।
आरसीपी के केंद्रीय मंत्री बनने बाद शुरु हो गई थी नए अध्यक्ष की चर्चा
दरअसल हालिया केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार में जेडीयू के कोटे से इकलौटे मंत्री के रुप में आरसीपी सिंह के शामिल होने के बाद से ही पार्टी के नए अध्यक्ष को लेकर चर्चा शुरु हो गई थी। एक व्यक्ति और एक पद की बात आने लगी थी। कुछ दिन पहले पार्टी के नए पदाधिकारियों की मीटिंग के बाद मीडिया से मुखातिब आरसीपी सिंह ने भी यह कहते हुए अहम संकेत दे दिए थे कि पार्टी का निर्णय होगा तो वे राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की जिम्मेवारी किसी मजबूत साथी को सौंप देंगे। साथ ही उन्होंने केंद्रीय मंत्री के साथ ही जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन करने में खुद को सक्षम भी बताया था।
मुख्यमंत्री के करीबी हैं ललन सिंह
मुंगेर से लोक सभा के सांसद ललन सिंह राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी रहे हैं। वे पुराने साथियों में शामिल हैं। पहले वे राज्य सरकार में मंत्री के रुप में भी नीतीश कुमार के साथ काम कर चुके हैं। कुछ साल पहले मतभेद होने पर ललन सिंह ने पार्टी छोड़ दी थी। हालांकि बाद में वे फिर जेडीयू में लौट आए थे। बहरहाल राज्य से बाहर पार्टी की बड़ी व अहम जिम्मेवारी देकर नीतीश कुमार ने उन पर फिर भरोसा जताया है।